UP: राष्ट्रीय सचिव के सामने कांग्रेसियों में मारपीट, जमकर जूतम-पैजार, कार्यकर्ताओं में टकराव; सामने आया वीडियो

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

यूपी के अलीगढ़ में राष्ट्रीय सचिव के सामने कांग्रेसियों में जमकर मारपीट हुई। कार्यकर्ताओं में जमकर जूतम-पैजार हुई। जिला उपाध्यक्ष और सेवादल के पूर्व संगठक संग आए कार्यकर्ताओं में टकराव हुआ। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Up:राष्ट्रीय सचिव के सामने कांग्रेसियों में मारपीट, जमकर जूतम-पैजार,  कार्यकर्ताओं में टकराव; सामने आया वीडियो - Congress Workers Clash In Front  Of National ...

कांग्रेस के अलीगढ़ के रेलवे रोड स्थित कार्यालय परिसर में रविवार को राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी तौकीर आलम के सामने कांग्रेसियों में मारपीट व जमकर जूतम-पैजार हो गई। विवाद की शुरुआत जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू व सेवादल के पूर्व जिला संगठक आलोक गौड़ संग आए कार्यकर्ता सोनू वाल्मीकि में हुई।

आरोप है कि पहले हमलावर हुए सोनू ने शाहिद गुड्डू संग मारपीट की तो शाहिद ने बचाव में सोनू के जूते तक मारे। हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ ने सोनू को बाहरी बताकर धकियाते हुए भगा दिया। बताया जाता है कि शाहिद ने आलोक गौड़ पर मारपीट कराने का आरोप लगाकर उन पर भी जूता दे मारा। 

किसी तरह वरिष्ठ पदाधिकारियों के दखल पर विवाद शांत हुआ। इस जूतम-पैजार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटनाक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम रविवार को रेलवे रोड कार्यालय पर संगठनात्मक समीक्षा कर रहे थे।

जहां जिला-महानगर व ब्लाक स्तर के सभी पदाधिकारी और पूर्व विधायक विवेक बंसल भी मौजूद थे। अधिकांश कार्यकर्ता अंदर मुख्य कक्ष में बैठे थे, जबकि कुछ कक्ष के बाहर कार्यालय परिसर में ही खड़े थे। बताया जाता है कि बाहर खड़े जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू से सोनू वाल्मीकि ने बातचीत में धार्मिक शब्द बोल दिया। इस पर शाहिद ने ऐतराज जताया, आरोप है कि सोनू ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।

आरोप है कि लोग बीच बचाव को आए तो शाहिद ने भी जवाब में सोनू पर जूते से हमला कर दिया। बाद में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सोनू को बाहरी बताकर धकियाते हुए कार्यालय से भगा दिया। बताया जाता है कि इसके बाद शाहिद अपनी शिकायत करने अंदर राष्ट्रीय सचिव के समक्ष आए तो उन्होंने उनके बराबर में खड़े आलोक गौड़ को भी यह कहते हुए जूता दे मारा कि यह मारपीट साजिशन आलोक ने कराई है। यह देख विवाद बढ़ता देख खुद तौकीर आलम व विवेक बंसल सख्त हुए। सभी को डांटा व अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। तब जाकर विवाद शांत हुआ।

जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर
मामले में चंदनिया के रहने वाले सोनू वाल्मीकि ने जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू व तीन-चार अज्ञात साथियों के खिलाफ गांधी पार्क थाने में तहरीर दी है। इसमें कहा है कि अनुसूचित जाति के नए कांग्रेस प्रभारी पार्टी कार्यालय गए थे। उनके सामने मारपीट की गई। इंस्पेक्टर गांधीपार्क विजय सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संगठन ने भाजपाई बताकर झाड़ा पल्ला
इस विषय में जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह का कहना है कि मारपीट करने वाला युवक बाहरी है। वह हमारी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है। उसने बेवजह कार्यालय में घुसकर विवाद खड़ा करने का प्रयास किया है। आगे से इस तरह की बैठकों में बाहरियों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने की प्रक्रिया होगी। जरूरत हुई तो पुलिस की मदद ली जाएगी। बाकी जिला उपाध्यक्ष को समझाकर शांत किया गया है।

वहीं महानगर अध्यक्ष नवेद खां ने मारपीट की शुरुआत करने वाले सोनू को भाजपाई बताया है। कहा है कि वह साजिश के तहत विवाद खड़ा करने आया था। तभी उसने जिला उपाध्यक्ष को धार्मिक शब्द कहकर विवाद करते हुए मारपीट की।

सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे लोग
इस जूतम पैजार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कांग्रेस की गुटबाजी से लेकर बाहरी बताकर पल्ला झाड़ने पर भी तरह तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।

मैं तीस वर्ष से पार्टी से जुड़ा हुआ हूं। संगठन समीक्षा में शामिल होने आया था, तभी आलोक गौड़ के साथ आए युवक ने मुझसे धार्मिक अपशब्द गए और विरोध पर मारपीट कर दी। बाद में उसे धकियाकर बाहर कर दिया गया। -शाहिद गुड्डू, जिला उपाध्यक्ष, कांग्रेस

सोनू वाल्मीकि मेरे सेवादल जिला संगठन रहते हमारे कार्यालय का सचिव रहा है। वह बाहरी नहीं है। मुख्य कक्ष के बाहर उनमें आपस में किसी बात पर विवाद हुआ। दोनों ओर से मारपीट हुई है। इसके बाद जिला उपाध्यक्ष ने मुझ पर भी हमला कर दिया। इस मामले में सोनू वाल्मीकि की ओर से गांधीपार्क थाने को तहरीर दी जा रही है। सोनू कांग्रेस कार्यकर्ता है। बाहरी नहीं है।-आलोक गौड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कोऑर्डिनेटर नोएडा जिला कांग्रेस

एक बाहरी युवक कार्यालय में घुस आया था। उसने साजिशन विवाद किया। हो सकता है कि वह किसी विपक्षी दल से आया हो। इस मामले में जिलाध्यक्ष स्तर से जांच कराई जा रही है। जो भी उचित होगा, उसके अनुसार कार्रवाई तय की जाएगी। मगर अनुशासनहीनता कतई नहीं होने दी जाएगी।-तौकीर आलम, राष्ट्रीय सचिव, कांग्रेस

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई