फगवाड़ा निवासी प्रभदीप ने शिकायत दी कि वह भुच्चो मंडी स्थित अकाल फिजिकल अकादमी में पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण ले रहा था। एक छात्रा के पैर में चोट लगने पर वह उसके कमरे में पट्टी बांधने गया था। इसी दौरान अकादमी संचालक वहां पहुंचा और बिना कोई बात सुने डंडों तथा लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस भर्ती की तैयारी करने आए एक छात्र से बेरहमी से मारपीट करने के मामले में बठिंडा पुलिस ने अकाल फिजिकल अकादमी के संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित छात्र की शिकायत पर थाना नथाना पुलिस ने आरोपी संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी संचालक की जल्द गिरफ्तारी करने का दावा कर रही है।
पुलिस के अनुसार फगवाड़ा निवासी प्रभदीप ने शिकायत दी कि वह भुच्चो मंडी स्थित अकाल फिजिकल अकादमी में पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण ले रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक छात्रा के पैर में चोट लगने पर वह उसके कमरे में पट्टी बांधने गया था।
इसी दौरान अकादमी संचालक वहां पहुंचा और बिना कोई बात सुने डंडों तथा लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। घटना की पूरी वारदात अकादमी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घायल छात्र को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
छात्र ने आरोप लगाया कि अकादमी ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे भारी फीस वसूली थी। वहीं उसकी मां ने भी अकादमी संचालक पर धमकाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना नथाना के प्रभारी इंस्पेक्टर हरजीवन सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपित संचालक गुरजंट सिंह निवासी बुर्ज काहन सिंह वाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों ने अकादमी के संचालन, लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है।