सासनी में जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति, सर्विस रोड का निर्माण शुरू

Picture of Sunil Kumar

Sunil Kumar

SHARE:

नगर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को जल्द ही निजात मिलने वाली है। नगर पंचायत सासनी की ओर से यातायात को सुगम बनाने के लिए सर्विस रोड का निर्माण कार्य युद्ध स्तर  से शुरू करा दिया गया है। निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार वाष्र्णेय ने खुद कमान संभाल ली है।
शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव कुमार वाष्र्णेय ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हो रहे कार्य की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। निरीक्षण के समय उन्होंने पाया कि कुछ जगहों पर कार्य में और सुधार की आवश्यकता है, जिस पर उन्होंने तत्काल नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। अगर निर्माण कार्य में कोई कमी पाई गई, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाई की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया कि पूरा निर्माण कार्य शासन द्वारा तय किए गए मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही प्रयोग किया जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक मजबूत रहे और जनता को बार-बार होने वाली परेशानी से बचाया जा सके। गौरतलब है कि इस मुख्य मार्ग पर अक्सर वाहनों के दबाव के कारण लंबा जाम लग जाता था, जिससे स्थानीय व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस सर्विस रोड के बन जाने से मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और नगर वासियों को जाम के झाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अध्यक्ष और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Sunil Kumar
Author: Sunil Kumar

SASNI, HATHRAS