
निर्देशक राजकुमार हिरानी इन दिनों अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर चर्चाओं में हैं। इस बीच राजकुमार हिरानी ने अपनी सफल फिल्म ‘मुन्ना भाई MBBS’ को लेकर बात की। हाल ही में उन्होंने बताया कि एक डायरेक्टर ने फिल्म का ट्रायल शो देखने के बाद इसे डिजास्टर करार दिया था।
संजय दत्त को इस रोल में लेने पर किया था विरोध
संजय अरोड़ा से बात करते हुए राजकुमार ने बताया कि एक डायरेक्टर ने संजय दत्त जैसे फुल-फ्लेज्ड एक्शन हीरो को हॉस्पिटल में यूनिफॉर्म पहने हुए दिखाने के उनके फैसले पर सवाल उठाया था। उन्होंने याद करते हुए कहा कि मुझे याद है कि जब फिल्म पूरी हो गई थी और हम उसका ट्रायल शो कर रहे थे, तो कुछ लोग उसे देखने आए थे, जिनमें एक डायरेक्टर भी शामिल थे।

दर्शकों का रिएक्शन देखने थिएटर गए थे राजू
राजू हिरानी ने यह भी बताया कि फिल्म के रिलीज होने के पहले दिन दर्शकों का रिएक्शन देखने के लिए वह मुंबई के गैयटी गैलेक्सी थिएटर गए थे। जब गेटकीपर ने उन्हें ‘थंब्स-डाउन’ का इशारा किया, तो उन्हें बहुत निराशा हुई। निर्देशक ने कहा कि जब मैं अंदर गया, तो देखा कि थिएटर में सिर्फ 50 फीसदी सीटें ही भरी थीं।
तब मुझे समझ आया कि उसका मतलब था कि थिएटर ज्यादा भरा नहीं था और शो हाउसफुल नहीं था। एक टिकट बेचने वाले के लिए बस यही बात मायने रखती थी। लेकिन अंदर मैंने देखा कि दर्शक फिल्म का भरपूर मजा ले रहे थे। शाम तक कई थिएटरों के बाहर हाउसफुल के बोर्ड लग गए थे।
राजकुमार हिरानी की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी ‘मुन्ना भाई MBBS’
‘मुन्ना भाई MBBS’ राजकुमार हिरानी की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। यह सुनील दत्त की भी आखिरी फिल्म थी, जिसमें उन्होंने असल जिंदगी में अपने बेटे संजय के पिता का किरदार निभाया था। अरशद वारसी और ग्रेसी सिंह की भी अहम भूमिकाओं वाली यह फिल्म कमर्शियल और क्रिटिकल तौर पर बहुत सफल रही और इसने ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म’ का नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता। इस फिल्म के बाद 2006 में इसका सीक्वल ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ आया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो राजकुमार हिरानी अभी अपनी एक और बड़ी फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की स्क्रिप्ट लिखने में बिजी हैं। हाल ही में हुई बातचीत में फिल्ममेकर ने बताया कि फिल्म के तीनों मुख्य किरदारों आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी को सीक्वल में ‘मिड-लाइफ क्राइसिस’ से गुजरना होगा। फिल्म में शादी के बाद की लाइफ और बच्चों व पैरेंटिंग पर बात की जाएगी।


