साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए, भाजपा नेतृत्व इस दौरे के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने, संगठन को धरातल पर मजबूत करने को लेकर जोर दे रहा है।

पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार से पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पंजाब दौरे से पहले नितिन नबीन ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर राज्य के राजनीतिक और संगठनात्मक हालात पर फीडबैक लिया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों और पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ मुलाकात हुई। बैठक के दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, संगठन के विस्तार और जनहित के मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन ने पंजाब दौरे से पहले पार्टी नेताओं से जमीनी स्थिति की जानकारी ली और संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने राज्य में पार्टी की गतिविधियों और आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा की।
इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा हम नए पंजाब के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। भाजपा पंजाब के विकास, सुशासन और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। बता दें कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा 20 से 22 जून तक चलेगा, जिसके दौरान वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे और पंजाब के राजनीतिक समीकरणों को गहराई से समझने का प्रयास करेंगे। नितिन नबीन अपने इस प्रवास के दौरान न केवल पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे, बल्कि युवा वर्ग और व्यापारियों से भी सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर उनके मुद्दों और चिंताओं को समझना होगा, ताकि पार्टी अपनी नीतियों को और अधिक प्रासंगिक बना सके।
यह रहेगा शेड्यूल
– नितिन नबीन 20 जून को अमृतसर पहुंचेंगे। यहां वह श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर करेंगे। इसके पश्चात वे ऐतिहासिक जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर तथा श्री राम तीर्थ मंदिर में भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे
– 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उसके बाद वे लुधियाना पहुंचेंगे। जहां दुगरी रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। सब-सर्कल इंचार्ज एवं वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उद्योगपतियों एवं व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों संग संवाद करेंगे।
– 22 जून को नबीन सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
