सोमनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखा गया। अनेक श्रद्धालु ऐसे थे जो पहली बार सोमनाथ के ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए रवाना हुए।

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन को रवाना किया। इसमें कुरुक्षेत्र के अलावा आसपास के जिलों कैथल, अंबाला, करनाल पानीपत, सिरसा व अन्य जिलों के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे। श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने से लेकर 5 दिन की इस यात्रा के दौरान रहने तक की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा करवाई गई है।
सोमनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखा गया। अनेक श्रद्धालु ऐसे थे जो पहली बार सोमनाथ के ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए रवाना हुए। कुरुक्षेत्र की श्रद्धालु बुजुर्ग लाबो देवी, सोना देवी व अन्य महिलाओं ने कहा कि जीवन में वे पहली बार सोमनाथ जा रहे हैं। उन्हें उम्मीद भी नहीं थी कि जीवन में कभी ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पाएंगे। ट्रेन में सवार होने से पहले सभी श्रद्धालुओं का रेलवे स्टेशन पर ही पंजीकरण भी किया गया।
वही उनके लिए ट्रेन में बड़ी मात्रा में पानी से लेकर खाने-पीने की चीज भी रखी गई तो वहीं श्रद्धालुओं के साथ डॉक्टर की टीम भी भेजी गई। इससे पहले आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपील की थी कि सभी श्रद्धालु प्रदेश की समृद्धि की कामना करें। मुख्यमंत्री ने तीर्थ योजना के बारे में भी विस्तार से बताया और कहा कि इस योजना को भविष्य में लगातार जारी रखा जाएगा।