प्रतीक यादव की मौत की खबर के बाद मैनपुरी में राजनीतिक माहौल अचानक बदल गया और शोक की लहर फैल गई। भाजपा ने सपा सांसद के खिलाफ प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को स्थगित कर सैफई परिवार के प्रति संवेदना जताई।

मुलायम सिंह यादव के बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की संदिग्ध मौत के बाद यहां एक तरफ सैफई परिवार में शोक की लहर है, तो वहीं अपर्णा यादव के भाजपा से जुड़े होने पर बुधवार को जिले में होने वाला धरना प्रदर्शन भी स्थगित कर दिया गया है। सपा के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में तिकोनिया पार्क में यह धरना होना था।
प्रतीक यादव की मौत की खबर के बाद जहां समाजवादी पार्टी खेमे में शोक की लहर दौड़ पड़ी है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी भी इस घटना के बाद शोक में डूबे हैं। बुधवार को जिले के तिकोनिया पार्क में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाना था। सपा के सांसद राजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई, इसके विरोध में जिले में प्रदर्शन होना था।
सुबह 10:30 बजे से प्रदर्शन के लिए रणनीति बना ली गई थी, लेकिन प्रतीक यादव की मौत के बाद पार्टी की ओर से धरना प्रदर्शन रद्द कर दिया गया है। जिले के मीडिया प्रभारी सौरभ दुबे ने बताया कि धरना प्रदर्शन अगली तिथि जारी होने तक रद्द कर दिया गया है। पार्टी के पदाधिकारी भी प्रतीक की मौत पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।