पंजाब में भाजपा दफ्तरों पर हमले: जीरकपुर और तरनतारन में नकाबपोश युवकों ने की तोड़फोड़, हंगामे से गरमाई सियासत

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

हमलावरों ने कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Unidentified attackers attack BJP office in Tarn Taran

पंजाब में नगर काउंसिल चुनावों के बीच सोमवार को भाजपा कार्यालयों पर हमलों की दो घटनाओं ने सियासी माहौल गरमा दिया है। जीरकपुर और तरनतारन में सोमवार को नकाबपोश युवकों ने भाजपा दफ्तरों में घुसकर हंगामा, तोड़फोड़ और नारेबाजी की। दोनों घटनाओं के बाद भाजपा नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

पहली घटना तरनतारन में सामने आई, जहां भाजपा जिला कार्यालय पर सोमवार शाम करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक अचानक घुस आए और वहां जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

जीरकपुर दफ्तर में भी घुसे पांच नकाबपोश
दूसरी वारदात जीरकपुर के भाजपा कार्यालय में देर शाम करीब पांच घटी। नकाबपोश युवक अचानक भाजपा दफ्तर में घुसे। वहां लगे पोस्टरों, बैनरों और नेताओं की तस्वीरों पर स्याही और पेंट फेंककर हंगामा किया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। यह भाजपा कार्यालय गुरदर्शन सिंह सैनी का है। घटना उस समय हुई जब भाजपा कार्यालय में कुछ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान पांच युवक मुंह ढककर कार्यालय में दाखिल हुए और अंदर लगे पोस्टरों व फ्लेक्स पर स्याही फेंकनी शुरू कर दी। आरोपियों ने पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की तस्वीर को भी निशाना बनाया। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

अंदर और बाहर नारेबाजी भी की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने कार्यालय के अंदर और बाहर नारेबाजी भी की। बताया जा रहा है कि युवकों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ भी जमकर नारे लगाए। करीब कुछ मिनट तक हंगामा करने के बाद सभी युवक मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। शुरुआती जांच में पांच नकाबपोश युवक कार्यालय की तरफ आते और घटना के बाद वापस जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

Farheen
Author: Farheen

सबसे ज्यादा पड़ गई