बुलंदशहर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में चैंबर को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अधिवक्ता पिता को पूर्व महासचिव ने गोली मार दी। पुलिस जांच में जुटी है।

बुलंदशहर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में सोमवार सुबह अधिवक्ताओं के दो गुटों में चैंबर को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव व उनके आठ-दस साथियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिया-उर्र-रहमान के पिता अधिवक्ता इमामुद्दीन और उनके साले रऊफ पर गोली चला दी।
दोनों के जांघ और पैर में गोली लगी है। दोनों की हालत अभी स्तर बताई जा रही है। इमामुद्दीन ने दी तहरीर में बताया कि वह पिछले 30 वर्ष से जिला एवं सत्र न्यायालय में वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि सलीम अख्तर एडवोकेट का एक चैंबर था।
मृत्यु के उपरांत उनकी पत्नी आयशा बेगम ने पति का चेंबर नंबर-272 एन ब्लॉक के सामने कलक्ट्रेट परिसर ट्रांसफर करने का अनापत्ति प्रमाण पत्र स्वयं बार एसोसिएशन के कार्यालय में आकर उनके नाम से अलॉट करवा दिया है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने विधिक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात इमामुद्दीन के नाम उपरोक्त चैंबर अलॉट कर दिया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें सूचना मिली की डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव व उनके आठ से 10 साथी चैंबर के ताले को तोड़ रहे हैं।
जैसे ही वह और उनके बेटे का साला वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। जिसमें दोनों के गोली जांघ और पैर में लगी हैं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


