REPORTED BY : SHAMIM IQBAL
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों से मारपीट और अभद्रता के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। घटना के बाद तीन जूनियर डॉक्टरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कैंपस और मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।


विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11:50 बजे इमरजेंसी में जूनियर डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। प्रॉक्टोरियल टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, लेकिन आरोप है कि कुछ डॉक्टरों ने सीएमओ कक्ष में घुसकर तीमारदारों से दुर्व्यवहार किया।
निलंबित डॉक्टरों में डॉ. मोहम्मद तल्हा खुर्शीद (एमएस-ऑर्थोपेडिक सर्जरी), डॉ. शाहबेज (एमएस-ऑर्थोपेडिक सर्जरी) और डॉ. अकील हुसैन (ऑर्थोपेडिक सर्जरी) शामिल हैं। तीमारदार की तहरीर पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ। सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रित किए गए। प्रशासन का कहना है कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।