जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन बिल पर श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा से जवाब तलब किया है।

जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन बिल को लेकर उठे विवाद में विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा आज श्री अकाल तख्त पर पेश होंगे। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने संधवा को आज सुबह 11 बजे अकाल तख्त सचिवालय में पेश होकर स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया है।
जत्थेदार गड़गज्ज ने स्पष्ट किया है कि जिस बिल को श्री अकाल तख्त साहिब ने नामंजूर किया था, उसे विधानसभा में पारित करवाना सिख समुदाय, अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की भावनाओं की अनदेखी है। इसी कारण स्पीकर संधवा से जवाब मांगा गया है। पंथक हलकों में इस घटनाक्रम को अकाल तख्त की मर्यादा और सर्वोच्चता से जोड़कर देखा जा रहा है।
दूसरी ओर, चीफ खालसा दीवान की कार्यकारिणी भी अकाल तख्त के निशाने पर आ गई है। जत्थेदार गड़गज्ज ने सीकेडी अध्यक्ष डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर समेत 31 कार्यकारिणी सदस्यों को आज सुबह 10 बजे अकाल तख्त सचिवालय में तलब किया है। आरोप है कि अकाल तख्त साहिब द्वारा मांगी गई जानकारी के बावजूद कार्यकारिणी यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि उसके सदस्य अमृतधारी हैं या नहीं।
बताया जा रहा है कि अकाल तख्त सचिवालय द्वारा मांगी गई सूची और स्पष्टीकरण समय पर न सौंपने को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है। पंथक हलकों में चर्चा तेज है कि कार्यकारिणी सदस्यों के खिलाफ धार्मिक कार्रवाई की जा सकती है।