जरनैल सिंह का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले भी उन पर हमला कर उन्हें घायल किया था, जिस मामले में साल 2025 में थाना सिधवां बेट में केस दर्ज हुआ था।

जगरांव के गांव खुरशैदपुरा में आधी रात को कुछ हथियारबंद लोगों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा गांव सहम उठा।
पीड़ित जरनैल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था कि अचानक बाहर से तेज शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। जब वह उठकर देखने लगा तो बाहर उसका भतीजा बंगी, जग्गी, हरविंदर सिंह, बलविंदर कौर, सुखविंदर सिंह, कुलविंदर कौर और हरि सिंह निवासी खुरसैदपुरा खड़े होकर उसे गालियां देते हुए बाहर आने के लिए ललकार रहे थे।
घटना के बाद जब पीड़ित बाहर निकला तो देखा कि घर के गेट में गोलियां धंसी हुई थीं, जबकि आंगन में कारतूस के 4 खोल पड़े थे। पीड़ित जरनैल सिंह ने बताया कि उनका कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले भी उन पर हमला कर उन्हें घायल किया था, जिस मामले में साल 2025 में थाना सिधवां बेट में केस दर्ज हुआ था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब फिर से आरोपी उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के बाद आरोपियों के हौसले इतने बढ़ गए कि आधी रात को उनके घर पर करीब सात गोलियां चलाई गईं।
बताया जा रहा है कि तीन गोलियां सीधे दरवाजे पर लगीं, जबकि एक गोली कमरे के अंदर तक पहुंच गई। परिवार ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई।
सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद किए और जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है,
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी थे या अवैध। वहीं, गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। थाना सिधवां बेट के इंचार्ज अमरजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने जरनैल सिंह की शिकायत पर सात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया जबकि तीन फरार हैं।