जयपुर के मानसरोवर में तेज रफ्तार थार ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मार दी। महिला गंभीर रूप से घायल होकर वेंटिलेटर पर है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

जयपुर के मानसरोवर इलाके में सोमवार को तेज रफ्तार थार कार ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसा विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने हुआ, जहां ब्लैक थार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, थार कार (RJ 60 CH 1503) ने एक्टिवा (RJ14 HS 0536) पर सवार नेहा श्रीवास्तव (35) को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला वाहन के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
मौके पर मौजूद परिजनों और लोगों ने तुरंत महिला को वाहन के नीचे से बाहर निकाला और साकेत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार वाहन की टक्कर दिखाई दे रही है। शिप्रापथ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित वाहन के पहले भी ओवरस्पीडिंग के चालान कट चुके हैं। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं परिजनों की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।