CBSE 10th Result: देशभर में 14वें स्थान पर खिसका पंचकूला रीजन, 92.24 फीसदी रहा पास प्रतिशत

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

पंचकूला रीजन का कुल पास प्रतिशत 92.24 फीसदी दर्ज किया गया जो बोर्ड के औसत पास प्रतिशत 93.70 फीसदी से कम है। कुल 316 सेंटर में परीक्षा आयोजित हुई थी।
CBSE 10th Result: Panchkula Zone 14th Rank, 92.24% Pass
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार दोपहर 10वीं कक्षा का वार्षिक परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष पंचकूला रीजन का प्रदर्शन औसत रहा और रीजनल रैंकिंग में यह 14वें स्थान पर रहा है। पंचकूला रीजन का कुल पास प्रतिशत 92.24 फीसदी दर्ज किया गया जो बोर्ड के औसत पास प्रतिशत 93.70 फीसदी से कम है। कुल 316 सेंटर में परीक्षा आयोजित हुई थी जिसमें कुल 87,846 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

प्रमुख आंकड़े और प्रदर्शन
सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि रीजनल स्तर पर त्रिवेंद्रम (99.79 फीसदी) और विजयवाड़ा (99.79 फीसदी) ने देश भर में बाजी मारी है जबकि पंचकूला रीजन सूची में काफी नीचे खिसक गया है।

मई में होगी दूसरी परीक्षा, सुधार का मौका
नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत बोर्ड ने इस वर्ष दो बार परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था की है। फरवरी-मार्च में 10वीं का एग्जाम आयोजित हुआ था जिसके बाद अब दूसरी परीक्षा मई के मध्य शुरू होगी। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं या जिनकी कंपार्टमेंट आई है वे इस परीक्षा में बैठ सकते हैं। इसके लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (एलओसी) भरने की प्रक्रिया 16 अप्रैल से मात्र 5 दिनों के लिए खुलेगी।

बता दें कि हरियाणा में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का मुख्य क्षेत्रीय कार्यालय पंचकूला में स्थित है।  यह कार्यालय हरियाणा के अलावा चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कार्यों को भी संभालता है।

इन पांच तरीकों से देख सकते हैं अपना रिजल्ट

सीबीएसई ने कक्षा 10वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। छात्र अपने अंक कई आसान तरीकों से देख सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक सीबीएसई वेबसाइट, DigiLocker और UMANG एप जैसे प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर छात्र SMS सेवा का भी उपयोग कर सकते हैं। अभ्यर्थी इन पांच तरीकों से अपना रिजल्ट देख सकते हैं:

  • आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से (cbse.gov.in, results.cbse.nic.in)
  • डिजिलॉकर एप या वेबसाइट पर (results.digilocker.gov.in)
  • उमंग एप के जरिए (umang.gov.in)
  • एसएमएस के माध्यम से
  • आईवीआरएस (कॉल के जरिए)

इन सभी माध्यमों को इस तरह तैयार किया गया है कि छात्र आसानी से और जल्दी अपना रिजल्ट देख सकें।

priya singh
Author: priya singh