
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाती भारती के निर्देशानुसार, परिषदीय विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए सोमवार को ग्राम छौंक में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय छौंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
रैली का नेतृत्व स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने किया। इस दौरान सासनी स्काउट दल के स्काउट्स और गाइड्स ने अपने पारंपरिक बैंड की धुनों और हाथों में स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर पूरे गाँव में मार्च पास्ट किया। “कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार” और “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेश चंद्र और उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमलेश सिंह के मार्गदर्शन में निकाली गई इस रैली का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा। डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, इसलिए हर बच्चे का विद्यालय में प्रवेश अवश्य कराएं। इस अवसर पर ज्योति सेंगर, नेहा ओझा, प्रीति सेंगर, सविता और राघव वार्ष्णेय समेत समस्त स्टाफ व ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS