
नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में एक विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. ज्ञानमणी की अध्यक्षता में लगभग 120 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जाँच की गई और उन्हें निःशुल्क औषधियाँ वितरित की गईं।
सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ज्ञानमणी ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कॉलेज की छात्राओं ने तिलक लगाकर चिकित्सकों का स्वागत किया। इस दौरान नीमा के सचिव डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि 13 अप्रैल 1948 को स्थापित इस संगठन की आज देशभर में लगभग 1300 शाखाएँ जनहित में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सकों का यह संगठन जनसेवा के लिए सदैव कटिबद्ध है। जिलाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार ने चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान हेतु संगठन की एकजुटता पर जोर दिया। वहीं, उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र उपाध्याय ने उपस्थित जनसमूह को मोटा अनाज (मिलेट्स) खाने के फायदे गिनाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अखिलेश कुमार एवं डॉ. मनेंद्र त्रिगुनायत ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। शिविर में डॉ. नीतू सिंह और डॉ. अलका सेंगर ने महिला अध्यापकों एवं छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित परामर्श दिया। कार्यक्रम के अंत में नीमा की ओर से विद्यार्थियों को फल, बिस्कुट और चिप्स वितरित किए गए। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव अग्रवाल ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार ने किया और समापन श्भारत माता की जयश् के उद्घोष के साथ हुआ।।इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. लोकेश शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र उपाध्याय, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. मनेंद्र त्रिगुनायत, डॉ. ज्ञानमणि, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अलका सेंगर, वैद्य पुनीत अग्निहोत्री, डॉ. अंशुल उपाध्याय, पुनीत त्रिवेदी, अरुण कौशिक, मुकेश दिवाकर, संजय यादव, राजीव कुमार, भारत सिंह, प्रियंका यादव, विनय कुमार, नीरज गुप्ता, महेंद्र सैनी, हनी वशिष्ठ, सतीश अग्निहोत्री, जीतेन्द्र, यश और राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS