बरेली के इज्जतनगर इलाके में प्रेम विवाह के 15 दिन बाद युवती ने जान दे दी। उसका शव कमरे में फंदे लटका मिला। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस जांच कर रही है।

बरेली के इज्जतनगर इलाके में युवती ने अपने ही घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। वह निजी अस्पताल में नर्स थी और बदायूं निवासी युवक से हाल ही में प्रेम विवाह किया था। शव के पास सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात लिखी है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पर मिले सीबीगंज इलाके के युवक ने बताया कि उनके माता-पिता की काफी साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने मामा के घर इज्जतनगर की एक कॉलोनी में रहने लगे। अब उनके मामा और मामी की भी मौत हो चुकी है। परिवार में वह और उसकी बहन बचे थे।
‘मेरी मौत को जिम्मेदार कोई नहीं’
इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर जांच की। बताया कि युवती के शव के पास मिले सुसाइड नोट में लिखा है वह मरने जा रही है। उसकी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं होगा। फिलहाल, शव मृतका के भाई को सौंप दिया गया है।
मनमुटाव में पति ने भी खाया था विषाक्त पदार्थ
मृतका के भाई ने बताया कि उसे पता लगा था कि पांच दिन पहले बहन के पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के बाद वह बच गया। दो दिन पहले वह उनकी बहन के पास बरेली भी आया था। दोनों में फिर कोई झगड़ा हुआ था। बहन ने उन्हें कोई बात नहीं बताई। वह समझ नहीं पा रहा है कि किस वजह से बहन ने ऐसा कदम उठा लिया।