
केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद हरियाणा में मंगलवार से वाणिज्यिक गैस सिलिंडरों की सप्लाई बहाल कर दी गई है। प्रदेश में रोजाना 848 सिलिंडरों की खपत के मुकाबले तेल कंपनियों के पास करीब 25 दिनों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के छोटे गैस सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत सभी वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को तेल विपणन कंपनियों में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। कंपनियां उपभोक्ताओं की खपत और उपयोग का रिकॉर्ड रखेंगी। साथ ही उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना और उसे अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाना होगा। पीएनजी अपनाने की प्रक्रिया शुरू करने वाले उपभोक्ताओं को ही अतिरिक्त एलपीजी आवंटन का लाभ दिया जाएगा।
हरियाणा के खाद्य आपूर्ति विभाग के एसीएस जे. गनेशन की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सप्लाई व्यवस्था और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।