रणथंभौर बाघ परियोजना क्षेत्र में खनन माफियाओं ने वन चौकी का ताला तोड़कर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और पकड़े गए चालक को छुड़ा लिया। कर्मचारियों ने कुंडेरा थाने में 20 से 25 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

जिले के रणथंभौर बाघ परियोजना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां खनन माफियाओं ने कुंडेरा वन चौकी का ताला तोड़कर अवैध खनन के मामले में पकड़े गए आरोपी को छुड़ा लिया और वन विभाग द्वारा जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अपने साथ ले गए। आरोपियों ने घटना का वीडियो बना रहे एक वनरक्षक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। इस मामले में 20 से 25 लोगों के खिलाफ कुंडेरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार वनकर्मियों को रणथंभौर बाघ परियोजना क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कुछ लोग वन विभाग की पहाड़ियों से अवैध पत्थर खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाते हुए मिले। वनकर्मियों को देखकर आरोपी भागने लगे। इस दौरान वनकर्मियों ने घेरा बनाकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया और चालक सचिन मीणा निवासी बसों कला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर वन विभाग की चौकी में खड़ा कर दिया गया, हालांकि इस दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: कोटा में कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी से छात्रों के खाने पर संकट, हॉस्टल-मैस संचालकों के सामने चुनौती
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद हनुमान नामक युवक के साथ कई लोग वन चौकी पहुंच गए। उन्होंने अवैध खनन के मामले में पकड़े गए चालक सचिन को छुड़ाने के लिए वन चौकी में घुसकर हंगामा किया। आरोपियों ने चौकी के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा लिया। साथ ही वनकर्मियों द्वारा जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी वहां से ले गए।
इस दौरान जब एक वनरक्षक घटना का वीडियो बना रहा था तो आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। साथ ही वन विभाग की सरकारी मोटर साइकिल की चाबी भी निकालकर ले गए। घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने कुंडेरा थाने में 20 से 25 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।