PM Modi in Ajmer : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति को मजबूत बनाने की दिशा में ये सशक्त कदम है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार का बदला देश को बदनाम करके ले रही है। अब कांग्रेस INC नहीं है। वो मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।

कांग्रेस के नेताओं ने दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक देश की सेना ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया है लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि जो भी देशवासियों का भला करने वाला है कांग्रेस उसका विरोध करती है। इस वजह से देशवासी कांग्रेस को सबक सिखा रहे हैं। वो हर जगह हारती नजर आ रही है।
विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र काम-पीएम मोदी
राजस्थान की धूप अब बचत का साधन बन रही है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से राजस्थान के लोगों को फायदा हो रहा है। इस योजना में राजस्थान का भाग्य बदलने की ताकत है। योजना के तहत अपने घर के लिए बिजली बनाई भी जा सकती है और बची हुई बिजली ग्रिड में डालकर बेची भी जा सकती है। सरकार इसके लिए 78 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र काम किया जा रहा है।
नरेंद्र मोदी बोले- राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है
पीएम मोदी ने कहा कि साथियों कुछ समय पहले ही राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार को दो साल पूरे हुए हैं। मुझे संतोष है, आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है। विकास के जिन वादों के साथ भाजपा सरकार आपकी सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है। आज का दिन विकास के इस अभियान को तेज करने का दिन है। थोड़ी देर पहले यहां राजस्थान की 17 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये सारे प्रोजेक्ट राजस्थान की जनता की सुविधा बढ़ाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
पीएम ने कहा- दो साल पहले राजस्थान में केवल पेपरलीक होते थे
पीएम ने कहा- दो साल पहले राजस्थान से केवल पेपरलीक की खबरें चमकती रहती थीं। अब राजस्थान में पेपरलीक पर रोक लगी है। दोषियों पर कार्रवाई हो रही है। आज 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। ये बहुत बड़ा बदलाव आया है।
पीएम मोदी बोले- इस्राइल के हाइफा शहर को आजाद कराने में राजस्थान के वीरों की भूमिका रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- कल ही इस्राइल की यात्रा पूरी कर लौटा हूं। राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को इस्राइल के लोग आज भी गौरव से याद करते हैं। मुझे भी इस्राइल की संसद में मेजर दलपत सिंह के शौर्य को नमन करने का मौका सौभाग्य मिला। राजस्थान के वीर बांकुरों की इस्राइल के हाइफा शहर को आजाद कराने में जो भूमिका थी, उसका गौरव गान करने का अवसर मिला।