सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए ब्लैकमेलिंग कर मोटी रकम ऐंठने वाले गिरोह पर अलवर साइबर पुलिस ने शिकंजा कसा है। 8 लाख की ठगी के मामले में मुख्य आरोपी को दबिश देकर पकड़ा गया।
![]()
थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि मामला वर्ष 2023 का है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने पहले उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजकर उसे जाल में फंसाया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के कुछ निजी वीडियो तैयार कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग करने लगा। ब्लैकमेलिंग के दबाव में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में करीब 8 लाख रुपये आरोपी को ट्रांसफर कर दिए। मानसिक रूप से परेशान होकर उसने अंततः अलवर साइबर थाने में मामला दर्ज कराया।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: 28 को अजमेर आएंगे पीएम मोदी, जनसभा की तैयारियां तेज; प्रदेश अध्यक्ष ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल ट्रांजैक्शन और डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रोहित निवासी फरीदाबाद इस ब्लैकमेलिंग रैकेट में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
थाना अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित एक पैर से विकलांग है लेकिन उसने तकनीक का दुरुपयोग कर गंभीर अपराध को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं तथा क्या अन्य पीड़ितों के साथ भी इसी तरह की ठगी की गई है। मामले की गहन जांच जारी है।