यूपी में डीएम और एसएसपी की जनसुनवाई की निगरानी सीएम कार्यालय करेगा। लापरवाही पर सीएम नाराज हैं। रोज सुबह 9:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अफसर जोड़े जाएंगे। जनसुनवाई के लिए निर्धारित समय पर कार्यालय में रहना होगा। मोबाइल फोन या अन्य स्थान से लाइव जुड़ने की अनुमति नहीं है।

मुख्यमंत्री कार्यालय अब जिलों में डीएम-एसएसपी की ओर से होने वाली जनसुनवाई की निगरानी करेगा। जिलास्तर पर जनता दर्शन के प्रकरणों में गंभीरता से कार्रवाई न होने पर सीएम ने नाराजगी जताई है। इसमें प्रशासनिक लापरवाही भी सामने आई है।
इसलिए हर कार्यदिवस में सभी पुलिस आयुक्त, डीएम और एसएसपी को सुबह 9:45 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम दफ्तर से जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेज दिया गया है।
सभी पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी व एसएसपी कार्यालय के जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा। इतना ही नहीं कुछ शिकायकर्ताओं से संवाद कर निस्तारण की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा। यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत की जाएगी।