रिपोर्ट: शमीम इकबाल, प्लैनेट न्यूज इंडिया
अलीगढ़: Aligarh Muslim University के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JNMC) में प्रोफेसर सिमी जका-उर-रब को नेत्र विज्ञान विभाग (ऑफ्थैल्मोलॉजी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनका तीन वर्षीय कार्यकाल 16 फरवरी 2026 से प्रभावी हो गया है। उनकी नियुक्ति से विभाग में शैक्षणिक और चिकित्सकीय गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


सम्मान और उपलब्धियां
प्रो. जका-उर-रब को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें डॉ. पी.के. पांडेय गोल्ड मेडल प्रदान किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश ऑथ्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के वार्षिक सम्मेलनों में भी उन्हें विभिन्न पुरस्कार मिल चुके हैं।
वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं जैसे American Journal of Ophthalmology और Indian Journal of Ophthalmology में समीक्षक (Reviewer) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि
प्रो. सिमी जका-उर-रब वर्ष 2011 से एएमयू में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने एमबीबीएस और एमएस की शिक्षा भी एएमयू से ही प्राप्त की है। साथ ही वे नेशनल बोर्ड (DNB) और इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ ऑप्थैल्मोलॉजी से प्रमाणित हैं।
वे ‘ऑल इंडिया ऑथ्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी’, ‘दिल्ली ऑथ्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी’ और ‘नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (इंडिया)’ की आजीवन सदस्य भी हैं।
नई जिम्मेदारी, नई उम्मीदें
चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव का लाभ अब पूरे विभाग को मिलेगा। उनकी नियुक्ति से जेएनएमसी के नेत्र विज्ञान विभाग में शोध, प्रशिक्षण और मरीजों की बेहतर चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलने की संभावना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन और सहकर्मियों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।