Bihar Election 2025 : अब राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की तरह ‘राहुल गांधी की गारंटी’ दी है। इसके साथ ही पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद विपक्षी दलों के नेताओं के साथ खड़े होकर उन्होंने एलान किया कि उनका हाइड्रोजन बम आना बाकी है।

विस्तार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एलान किया है कि उन्होंने जिस हाइड्रोजन बम की बात कही थी, वह आया नहीं है। आने वाला है। जिस दिन आएगा, सभी को सच्चाई का पता चल जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान को खत्म करना चाहती है। मैं भागीदारी के हिसाब से हिस्सेदारी के लिए गारंटी देता हूं। यह मेरी गारंटी है। क्योंकि, हम संविधान मानते हैं।
राहुल गांधी ने पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक के बाद विपक्षी गठबंधन के नेताओं के साथ मंच साझा करते हुए मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- “हमारा लक्ष्य है कि जिसकी जितनी भागीदारी है, उसे उतनी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। मुझे आप बताइए पिछले 20 साल से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन अति पिछड़ों के लिए यह सब काम उन्होंने क्यों नहीं किया? उन्होंने नगर निकाय में आपके आरक्षण सीमा को क्यों नहीं बढ़ाया? सरकारी ठेकों में आपको आरक्षण क्यों नहीं दिया? एनडीए सरकार वाले पिछले 20 साल से आपको यूज कर रहे थे, गुमराह कर रहे थे। लेकिन, आपके हित में नहीं सोच रहे थे। हमने जो आज घोषणा की है, उसकी मैं गारंटी देता हूं और यह मेरी गारंटी है। संविधान में लिखा है और ऐसा हम इसलिए करेंगे क्योंकि हम इस देश के संविधान को मानते हैं।