Karisma Kapoor: क्या है दिवंगत संजय कपूर की वसीयत से जुड़ा मामला? करिश्मा कपूर के बच्चों ने लगाया यह आरोप

Picture of admln

admln

SHARE:

सार

Controversy On Sunjay Kapur Will: इस वर्ष जून में अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड बिजनेसमैन संजय कपूर का निधन हो गया। संजय के अंतिम संस्कार में करिश्मा कपूर भी अपने दोनों बच्चों के साथ पहुंची थीं। संजय के निधन के करीब तीन महीने बाद उनकी वसीयत को लेकर विवाद शुरू हुआ है। मामला कोर्ट तक पहुंच गया और करिश्मा कपूर के बच्चों ने अपने दिवंगत पिता की संपत्ति में हिस्सा मांगा है। जानिए पूरा मामला

Karisma Kapoor children Kiaan and Samaira approach Delhi High Court for share in Late father Sunjay Kapur

विस्तार

करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई। मगर, 2016 में दोनों का तलाक हो गया। करिश्मा और संजय के दो बच्चे- बेटा कियान और बेटी समायरा हैं। बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनकी संपत्ति के बंटवारे और वसीयत को लेकर विवाद शुरू हुआ है। करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने पिता की संपत्ति में अपना हक मांगा है। साथ ही संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया कपूर पर आरोप लगाया है। कियान और समायरा ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए कुछ सवाल किए हैं।

दिवंगत पिता की वसीयत को दी चुनौती
करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों ने मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख कर अपने दिवंगत पिता संजय कपूर की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की है। उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें दिवंगत पिता संजय कपूर की कथित वसीयत को चुनौती दी गई है।

Karisma Kapoor children Kiaan and Samaira approach Delhi High Court for share in Late father Sunjay Kapur

कियान-समायरा ने सौतेली मां प्रिया पर लगाया आरोप
याचिका में दावा किया गया है कि न तो संजय कपूर ने कभी अपनी वसीयत का जिक्र किया और न ही उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर या किसी अन्य व्यक्ति ने इसके अस्तित्व की जानकारी दी। करिश्मा कपूर के बच्चों, समायरा और कियान ने अपने पिता की लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सेदारी के लिए यह कानूनी कदम उठाया है।  याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने पहले दावा किया था कि संजय कपूर की सारी संपत्ति आर.के. फैमिली ट्रस्ट के तहत है, लेकिन बाद में उन्होंने 21 मार्च 2025 की तारीख वाली एक वसीयत पेश की, जिसे बच्चों ने संदिग्ध और जाली बताया है।

कोर्ट से की संपत्ति के बंटवारे की मांग
याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से मांग की है कि संजय कपूर की संपत्ति का बंटवारा किया जाए, सभी संपत्तियों का हिसाब दिया जाए और जब तक मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक प्रतिवादियों को संपत्ति से संबंधित किसी भी कार्रवाई से रोका जाए। इस मामले में प्रिया कपूर, उनके नाबालिग बेटे, संजय की मां रानी कपूर, और वसीयत की कथित निष्पादक श्रद्धा सुरी मारवाह को प्रतिवादी बनाया गया है।

2015 में संजय कपूर ने अपने हाथ में ली थी कंपनी की कमान
दिवंगत संजय कपूर सोना कॉमस्टार के नॉन एक्जीक्यूटिव प्रेसीडेंट थे। साल 2015 में पिता के निधन के बाद संजय कपूर ने ही कमान अपने हाथ में ली। 2016 में करिश्मा कपूर से तलाक के बाद संजय ने उन्हें मुंबई का घर, बच्चों के लिए 14 करोड़ रुपये के बॉन्ड्स कथित तौर पर दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक तलाक के बाद करिश्मा कपूर को 70 से 100 करोड़ रुपये करीब एलिमनी भी दी गई।

2017 में संजय की लाइफ में आईं प्रिया
2017 में संजय कपूर ने प्रिया से शादी रचाई, जिनसे उनका बेटा अजैरियस है। करिश्मा कपूर के बच्चों ने सौतेली मां प्रिया पर ही कथित तौर पर फर्जी वसीयत पेश करने का आरोप लगाते हुए अपना हिस्सा मांगा है।

संजय कपूर की मां ने भी लगाए हैं आरोप, किया यह दावा
इस पूरे मामले में बात सिर्फ संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया और उनके बेटे तक सीमित नहीं हैं। एक और शख्स हैं, संजय कपूर की मां रानी कपूर। उनका दावा एकदम अलग है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रानी ने जुलाई में कंपनी बोर्ड को चिट्ठी लिखी और इसमें अपने बेटे की मौत को असामान्य बताते हुए एजीएम टालने की बात कही। साथ ही उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि उनसे जबर्दस्ती डाक्यूमेंट्स साइन कराए गए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अपने पति की वसीयत की वे इकलौती लाभार्थी हैं।

श्रद्धा सुरी ने किया था वसीयत का खुलासा
चौथा नाम श्रद्धा सुरी का है, जो संजय कपूर की सहयोगी रहीं। उन्होंने ही संजय कपूर की इस कथित वसीयत का खुलासा जुलाई में किया। करिश्मा कपूर के बच्चों ने हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा है कि वसीयत के दस्तावेज को इतनी तेजी में दिखाया गया कि उन्हें ठीक से पढ़ा और देखा नहीं जा सका। इसके अलावा करीब सात हफ्तों तक वसीयत छिपाए रखने का आरोप भी श्रद्धा पर है।

संजय कपूर की बहनों ने क्या कहा?
संजय कपूर की बहनों मंधिरा, स्मिथ और सुपर्णा ने भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने भाई की दूसरी पत्नी प्रिया पर परिवार को साइडलाइन करने जैसे आरोप लगाए हैं।

admln
Author: admln