आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के लिए लोगों को प्रेरित करने के आरोप में एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया। आरोपी सईद, जो सीतापुर जिले का रहने वाला है और फेरी का काम करता है, को लोगों ने उसके कपड़े फाड़कर बाजार में घुमाया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पुरखीपुर गांव निवासी शुभम पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सईद ने उसे बाजार में बुलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिए और मना करने पर धमकी तथा गाली-गलौज की। शिकायत में यह भी आरोप है कि सईद अब तक कई लोगों का धर्मांतरण करवा चुका है और कई अन्य लोग भी उसके साथ जुड़े हैं, जो कपड़े बेचने के बहाने गांव-गांव घूमकर लोगों को बहलाते हैं।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते दिखाई दे रहा है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कप्तानगंज थाना प्रभारी को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गंभीर जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और बताया कि आरोपी के तार छांगुर बाबा से जुड़े हो सकते हैं।



