सार
Asha Bhosle Birthday: आज बॉलीवुड की लीजेंड सिंगर आशा भोसले अपना 92वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर जानिए उनके करियर और निजी जीवन से जुड़े कुछ खास किस्से।

विस्तार
50 के दशक से शुरू हुआ आशा भोसले का सिंगिंग करियर आज भी जारी है। पंडित दीनानाथ मंगेशकर के घर जन्मी आशा भोसले आज संगीत की दुनिया का ऐसा नाम बन चुकी हैं, जो किसी परिचय का मोहताज नहीं है। बड़ी बहन लता मंगेशकर के पद्चिन्हों पर चलते हुए वह भी संगीत की दुनिया में आईं, लेकिन आगे चलकर बड़ी बहन से ही रिश्ते बिगड़ गए। एक तरफ आशा भोसले ने बॉलीवुड में बेहतरीन गीत गाए, अपने लिए अलग नाम बनाया, वहीं उनका निजी जीवन तमाम उतार-चढ़ावों से भरा रहा। जानिए, आशा भोसले के जन्मदिन (8 सितंबर 1933) पर उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ अनसुने किस्से।
कम उम्र में संगीत की दुनिया में रखा कदम
आशा भोसले जब नौ साल की थी तो अचानक पिता का निधन हो गया। बड़ी बहन लता मंगेशकर और परिवार के साथ आशा पुणे से मुंबई आईं। दोनों बहनों ने फिल्मों में गाना शुरू किया। आशा भोसले ने पहला गीत मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ (1943) में गाया था। बॉलीवुड फिल्म ‘चुनरिया (1948)’ में ‘सावन आया’ नाम का गीत उन्होंने गाया। तब से लेकर अब तक आशा भोसले संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं।
लता मंगेशकर और आशा भोसले अपने करियर में धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं। अचानक 16 साल की उम्र में आशा भोसले ने लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपत राव भोसले से प्रेम विवाह कर लिया। गणपत राव आशा से 20 साल बड़े थे। इस रिश्ते को लता मंगेशकर और उनके परिवार ने स्वीकार नहीं किया। इस वजह से आशा और लता मंगेशकर के रिश्ते में दूरी भी आई, जो एक लंबे वक्त तक बनी रही। आशा भोसले ने एक इंटरव्यू में अपनी पहली शादी के बारे में कहा था, ‘पति का परिवार रूढ़िवादी था, वह एक सिंगिंग स्टार को स्वीकार नहीं कर सका। जब मैं अपने छोटे बेटे आनंद को जन्म देने वाली थी तो परिवार ने मायके वापस लौट जाने को कहा।’ आशा भोसले और गणपत राव की शादी नहीं चली, 11 साल बाद ये अलग हो गए। गणपत राव से आशा भोसले को तीन बच्चे हुए।

आर डी बर्मन से दूसरी शादी
पहली शादी टूटने के बाद आशा भोसले की जिंदगी में फिर से प्यार की बहार आई। उन्होंने 1980 में म्यूजिक कंपोजर, सिंगर आरडी बर्मन से शादी की। आरडी बर्मन आशा भोसले से 6 साल छोटे थे। साल 1994 में आरडी बर्मन का निधन हो गया। आरडी बर्मन और आशा भोसले ने साथ मिलकर बेहतरीन गानों पर काम किया।

एक वक्त बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसा था, जब यह अफवाह उड़ती थी कि लता मंगेशकर और आशा भोसले के बीच प्राेफेशनल राइवलरी है। ऐसा कहा जाता है कि फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ में आशा भोसले के गाए गाने हिट हुए तो उनकी तुलना लता मंगेशकर से होने लगी। बॉलीवुड गलियारों में इनके मनमुटाव की बातें सुनने को मिली। लेकिन आशा और लता मंगेशकर ने कभी खुलकर इन बातों का खड़न नहीं किया। आशा भोसले हमेशा ही लता मंगेशकर को अपना आइडल मानती रहीं, इस बात का जिक्र कई इंटरव्यू में कर चुकी हैं।20 भाषाओं में गए 12 हजार गाने, नामी संगीतकारों संग किया काम
आशा भोसले ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक बेहतरीन गीत गाए। हिंदी के अलावा वह कुल 20 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाने गा चुकी हैं। साल 2006 में खुद आशा भोसले ने बताया था कि उन्होंने 12 हजार गाने गाए हैं। आशा भोसले ने बॉलीवुड में नामी संगीतकारों संग किया काम है। इस लिस्ट में शंकर-जयकिशन, सचिन देव बर्मन, आरडी बर्मन, ओपी नायर, इलैयराजा, बप्पी लहरी और ए.आर रहमान जैसे नाम शामिल हैं।
सिंगिंग ही नहीं एक्टिंग में आजमाया हाथ: साल 2013 में आशा भोसले ने एक मराठी फिल्म ‘माई’ में अभिनय किया।