प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को माैसम खुलते ही बर्फ से लदी पहाड़ियां चांदी की तरह चमकीं। देखिए खूबसूरत तस्वीरें…

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को माैसम खुलते ही बर्फ से लदी पहाड़ियां चांदी की तरह चमकीं। शिमला, कुल्लू, किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति, चंबा, मंडी, कांगड़ा व सिरमाैर जिले के ऊपरी क्षेत्रों में बुधवार रात से गुरुवार देररात तक बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई। आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली हुई है। बर्फबारी के चलते पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। कई भागों में न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। उधर, राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सैकड़ों पर आवाजाही ठप है। अटल टनल सभी तरह के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। रोहतांग दर्रा में 120 व कोकसर में 75 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। एनएच विभाग ने जलोड़ी दर्रा को भी बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।



जनजातीय क्षेत्र लाहौल के साथ जिला कुल्लू के ऊपरी इलाकों में गुरुवार रात को जमकर बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। जिले में बिजली के 245 ट्रांसफार्मर और 165 संपर्क सड़कें बंद हैं।


माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 21, 23 व 24 फरवरी को राज्य के सभी भागों में माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। 22 फरवरी को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। विभाग के अनुसार 24 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से राज्य में 25 से 27 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।

शिमला में न्यूनतम तापमान 3.4, सुंदरनगर 7.3, भुंतर 4.0, कल्पा -3.5, धर्मशाला 4.2, ऊना 5.9, नाहन 8.4, केलांग -5.8, पालमपुर 5.0, सोलन 5.0, कांगड़ा 6.6, मनाली 7.6, बिलासपुर 8.9, जुब्बड़हट्टी 6.0, कुकुमसेरी -7.2, बरठीं 6.7, सराहन 1.7 व ताबो में -11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों के दाैरान नगरोटा सूरियां में 56.0, गमरूर 44.2, चंबा 42.0, सलूणी 36.2, तीसा 35.7, सेऊबाग 29.2, कांगड़ा 28.8, डलहौजी 24.0 व घागस में 20.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज गई है। इसी तरह गोंदला में 42.0, केलांग 36.0, कुकुमसेरी 24.3, जोत 16.0, खदराला में 15.0 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।

डीएसपी मुख्यालय केलांग के अनुसार अटल टनल नॉर्थ पोर्टल से केलांग-जिस्पा तक एनएच-3 पर दो फुट बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। मौजूदा हालात यात्रा के लिए असुरक्षित हैं। अगली सूचना तक सड़क को सभी तरह के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
Author: planetnewsindia
8006478914


