फरीदपुर थाना क्षेत्र में तीन माह पूर्व गांव नवादा बिलसंडी निवासी बबलू उर्फ मलहारे का शव पड़ा मिला था। इस मामले में रविवार को पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया। मलहारे की मौत हादसे में नहीं हुई बल्कि उसकी हत्या की गई थी।
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के नवादा बिलसंडी गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर बबलू उर्फ मलहारे की गाड़ी से कुचलकर मौत का मामला सड़क हादसा नहीं था। जमीन बेचने के रुपये हड़पने के लिए उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई थी। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने खुलासा किया तो एक आरोपी को जेल भेज दिया गया। तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, इनकी पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी निवासी बबलू उर्फ मलहारे को तीन महीने पहले डंडे से पीटा गया था। इसके बाद उनकी गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटनास्थल पर यह दिखाने की कोशिश की गई थी कि मामला हादसे का ही लगे। पीड़ित परिवार के ऋषिपाल की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस की जांच में ओमेंद्र, अनेकपाल, ओमवीर, गजेंद्र निवासी अहीर गौंटिया थाना फरीदपुर की संलिप्तता मिली।
एसपी ने बताया कि फरीदपुर थाना पुलिस ने अनेकपाल उर्फ पप्पू निवासी गांव नवादा बिलसंडी को पीतांबरपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में उसने ओमेंद्र, ओमवीर व गजेंद्र निवासी ग्राम अहीर गौंटिया का नाम बताया। अनेकपाल ने बताया कि बबलू उर्फ मल्हारे ने उन्हें चार बीघा सात विस्वा जमीन बेची थी। उसके रुपये बबलू को नहीं दिए थे। वह रुपये मांग रहा था जबकि उन लोगों की नीयत में खोट आ गई। इसे लेकर उसकी हत्या कर दी थी और उन लोगों को लगा था कि सड़क हादसा मानकर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी।
Author: planetnewsindia
8006478914
