गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पितृपक्ष की छटवीं तिथि के पावन अवसर पर श्री हनुमान जी पुलिस चैकी के निकट बने हासिमपुर स्थित कपिल मुनि गौशाला आश्रम में पूज्य श्री मंगल पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में एक भव्य एवं दिव्य संत भोज का आयोजन बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। जिसमें दूर-दराज से आए संतों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम परिसर में गौ पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। समारोह में प्रमुख रूप से आचार्य स्वदेश जी महाराज, आचार्य शैलेश शर्मा, पंडित तुषार उपाध्याय, आचार्य सांवरिया पाराशर, पंडित कृष्णा गौड़, पंडित हिमांशु उपाध्याय, पंडित लोकेश गौड़, पंडित कैलाश गौड़ एवं पंडित तनुज गौड़ ने सहभागिता की। संत भोज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगल पुरी जी महाराज ने कहा कि पितृपक्ष में पितरों की शांति के साथ-साथ गौ सेवा और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करना परम कल्याणकारी होता है। गौ सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और कपिल मुनि गौशाला आश्रम निरंतर इस पुनीत कार्य में संलग्न है। आचार्य स्वदेश जी महाराज और आचार्य शैलेश शर्मा सहित उपस्थित सभी विद्वानों ने धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। आचार्यों द्वारा किए गए वेद पाठ और भजन-कीर्तन से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं आए हुए सभी भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आश्रम समिति और स्थानीय भक्तों ने सभी पूज्य संतों एवं आचार्यों का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर भव्य स्वागत किया।




