
अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति, राजनेता राघव चड्ढा ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन किए। दोनों ने यहां भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया।

परिणीति ने साझा किया वीडियो
परिणीति ने इस आध्यात्मिक यात्रा का एक खूबसूरत वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इस वीडियो में परिणीति पीच रंग की पारंपरिक साड़ी में सिर ढके हुए नजर आ रही हैं। वहीं राघव चड्ढा पारंपरिक पोशाक के साथ केसरिया शॉल ओढ़े हुए हैं। दोनों मंदिर के पुजारियों के साथ पूरे भक्ति भाव से बैठकर प्रार्थना करते दिखाई दे रहे हैं।
शिव स्तुति को मिला फैंस का प्यार
इस वीडियो के साथ परिणीति ने अपने फैंस के लिए एक बेहद निजी और खास बात साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह गर्भवती थीं, तब एक शांत सुबह उन्होंने एक ‘शिव स्तुति’ रिकॉर्ड की थी। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि लोगों को यह इतनी पसंद आएगी।
परिणीति ने लिखा, ‘मैंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान एक सुबह इस शिव स्तुति को रिकॉर्ड किया था। मुझे अंदाजा नहीं था कि इसे इतना प्यार मिलेगा। मुझे बेहद खुशी है कि यह स्तुति अब आप लोगों की सुबह की प्लेलिस्ट का हिस्सा बन चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे कई साल से यह हमारे परिवार की प्लेलिस्ट में शामिल थी।’


