बाढ़ का पानी उतरा तो मुसीबतें और बढ़ गईं। लखनऊ के कई इलाके कीचड़ और गंदगी से बदहाल हैं। यहां बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। इस स्थिति पर लोगों की जुबान से बस एक बात निकली कि गोमती की उफान जिंदगी को नरक बना गई। आगे पढ़ें विस्तार से…

राजधानी लखनऊ में फैजुल्लागंज और आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतर रहा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। कई जगहों पर अब भी जलभराव है तो कहीं कीचड़ और गंदगी ने रास्तों को बदहाल कर दिया है। ऐसे में लोगों को घरों से निकलने से लेकर जरूरी सामान खरीदने और काम पर जाने तक में परेशानी हो रही है। पानी कम होने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को सामान्य जनजीवन पटरी पर लौटने का इंतजार है।
नगर निगम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटते ही सफाई अभियान शुरू करने की तैयारी की है। सोमवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-तीन कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के साथ तैयारियों की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने जोन-तीन और छह के प्रभावित क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद मड पंप से गाद निकालने और सफाई कराने के निर्देश दिए।
अभियान में नगर निगम के अन्य जोनों से भी अतिरिक्त कर्मचारी बुलाए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए करीब 400 से 500 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की जरूरत बताई गई है।
बाढ़ग्रस्त इलाकों में ड्रोन से हुआ एंटी लार्वा का छिड़काव
बाढ़ का पानी उतरने के बाद नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को 70 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार के अनुसार, जोन-3 के फैजुल्लागंज में ड्रोन से 44 एकड़, जबकि जोन-6 के सैथा में 18 एकड़ और हयात नगर में आठ एकड़ क्षेत्र में दवा का छिड़काव हुआ।
मामा कॉलोनी और पुराने दाउदनगर में सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर व चूने का छिड़काव किया जा रहा है। हयात नगर और दौलतखेड़ा में नालियों की सफाई तथा विभिन्न क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई से जलनिकासी बेहतर बनाने का काम जारी है।
बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
सीएमएस के छात्र-शिक्षकों ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। संस्था की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी के मार्गदर्शन और डायरेक्टर ऑफ एक्जीक्यूटिव सेक्रेटरी वंदना के नेतृत्व में सोमवार को फैजुल्लागंज क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की गई। प्राकृतिक आपदा से बेहाल परिवारों के बीच पहुंचे सीएमएस परिवार ने कपड़े, राशन, फल और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं सौंपी।बेजुबानों का भी रख ख्याल
फैजुल्लागंज में समाजसेवी रवि गांधी के नेतृत्व में टीम ने राहत अभियान चलाया। टीम ने गोवंश, वानरों और अन्य बेसहारा पशुओं को भोजन उपलब्ध कराया। साथ ही बाढ़ में फंसे लोगों तक पानी की बोतलें, भोजन के पैकेट सहित अन्य राहत सामग्री पहुंचाई।
बर्बाद फसलों का मिला मुआवजा
मलिहाबाद में बेहता नाले और नदी के जलस्तर बढ़ने से खेतों में हुए जलभराव के कारण बर्बाद फसलों का मुआवजा सोमवार को किसानों को चेक के माध्यम से वितरित किया गया। एसडीएम मलिहाबाद अपराजिता आर्यन ने बताया कि फसलों के नुकसान का आकलन कर शासन की ओर से क्षतिपूर्ति राशि दी गई है।
जिंदौर, शेरपुर भऊसा, लुधई, माल और मंझी निकरोजपुर समेत कई गांवों के प्रभावित किसानों को मुआवजा मिला। इस मौके पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर और ब्लॉक प्रमुख मीनू वर्मा मौजूद रहीं।

